ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को राहत, सुल्तानपुर-साबरमती-सुल्तानपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन

जयपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए सुल्तानपुर-साबरमती-सुल्तानपुर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन विशेष रूप से गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04216 सुल्तानपुर-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 17 मई 2026 से 12 जुलाई 2026 तक कुल 09 ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुल्तानपुर से सुबह 04:00 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 19:40 बजे पहुंचेगी तथा 19:50 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 07:20 बजे साबरमती पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04215 साबरमती-सुल्तानपुर साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 18 मई 2026 से 13 जुलाई 2026 तक कुल 09 ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को साबरमती से सुबह 08:50 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 23:30 बजे पहुंचेगी और 23:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 17:00 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन मार्ग में लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, इटावा, शमशाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, रानी, फालना, सुमेरपुर जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबूरोड, पालनपुर, महेसाना सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 14 थर्ड एसी इकोनॉमी, 04 साधारण श्रेणी तथा 02 पावरकार शामिल हैं।

रेलवे के इस कदम से सुल्तानपुर, जयपुर और साबरमती सहित मार्ग के अनेक शहरों के यात्रियों को गर्मियों में आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।