जम्मू मंडल में ई-नीलामी का सफल आयोजन, फूड वैन व पार्किंग ठेके आवंटित

जम्मू। जम्मू मंडल ने डिजिटल इंडिया और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-नीलामी के माध्यम से फूड वैन और पार्किंग ठेकों का सफलतापूर्वक आवंटन किया है। यह ई-नीलामी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें रेलवे की संपत्तियों के वाणिज्यिक उपयोग के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया।

ई-नीलामी के दौरान पठानकोट, गुरदासपुर और दीनानगर रेलवे स्टेशनों के लिए ठेके आवंटित किए गए, जिससे रेलवे को कुल ₹25,77,319 का अनुबंध मूल्य प्राप्त हुआ।

पठानकोट स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर एवं स्वच्छ खान-पान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूड वैन का ठेका ₹2,23,501 प्रति वर्ष की लाइसेंस फीस पर दिया गया है। 5 वर्षों के लिए इस अनुबंध का कुल मूल्य ₹13,18,655.90 निर्धारित किया गया है।

वहीं गुरदासपुर और दीनानगर स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और वाहनों की सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था के लिए पार्किंग स्थलों की संयुक्त ई-नीलामी की गई। इसका वार्षिक बोली मूल्य ₹3,55,555 रहा तथा 3 वर्षों के लिए कुल अनुबंध मूल्य ₹12,58,664.70 प्राप्त होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि जम्मू मंडल ने मैन्युअल टेंडरिंग के स्थान पर पूर्णत: डिजिटल प्रणाली अपनाकर पारदर्शिता सुनिश्चित की है। ई-नीलामी से स्थानीय उद्यमियों को समान अवसर मिल रहा है और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाते हुए गैर-किराया राजस्व में वृद्धि करना है।

राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल