जम्मू रेलवे स्टेशन के रि-डेवलपमेंट कार्य ने पकड़ी तेज रफ्तार, रेलवे इंजीनियरिंग विभाग दिन-रात जुटा

जम्मू रेलवे स्टेशन के रि-डेवलपमेंट (पुनर्विकास) कार्य ने अब तेजी पकड़ ली है। यात्रियों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग लगातार युद्धस्तर पर काम कर रहा है।

रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर डीईएन (Senior DEN) शुभम पवार स्वयं दिन-रात मॉनिटरिंग कर कार्यों को गति दे रहे हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्टेशन का कायाकल्प पूरा किया जा सके।

इस संबंध में सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू रेलवे स्टेशन का यह महत्वपूर्ण कार्य मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अभी तक लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और बाकी कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।

जम्मू रेलवे स्टेशन के रि-डेवलपमेंट के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्लेटफॉर्म व्यवस्था, साफ-सुथरा स्टेशन परिसर और अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।

रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की मेहनत और सतत निगरानी से यह परियोजना जम्मू क्षेत्र के विकास में एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।