प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का किया शुभारंभ

प्रयागराज जंक्शन पर हुआ स्थानीय स्वागत कार्यक्रम, यात्रियों को मिलेगा बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ

प्रयागराज। देश में रेल सेवाओं को और अधिक आधुनिक व सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल को बनारस से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्थानीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रेल प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रेलवे प्रशासन के अनुसार बनारस हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर एवं गोविंदपुरी स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। वहीं अयोध्या?लोकमान्य तिलक टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रयागराज जंक्शन एवं मानिकपुर स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है।

इस शुभ अवसर पर प्रयागराज जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएनएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने प्रयागराज जंक्शन पर बनारस?हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मंचासीन अतिथियों का प्लांटर भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विजय प्रकाश पंडित सहित मंडल के अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रयागराज जंक्शन पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के स्वागत का यह अवसर अत्यंत ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों का उद्देश्य सामान्य वर्ग के यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि इन दो नई ट्रेनों के शुभारंभ के साथ प्रयागराज मंडल से संचालित अमृत भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है, जबकि पूरे भारतीय रेल नेटवर्क में यह संख्या 66 तक पहुंच गई है।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यह ट्रेनें केवल शहरों को जोड़ने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये आस्था, संस्कृति और विकास को भी एक सूत्र में जोड़ती हैं। बनारस से पुणे तथा अयोध्या से मुंबई के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों को समय की बचत होगी और व्यापार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल गाजियाबाद?पंडित दीनदयाल उपाध्याय खंड को सेवित करता है तथा प्रयागराज जंक्शन एक प्रमुख रेल हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक रेल सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। यह अवसर नई ट्रेनों के शुभारंभ के साथ-साथ विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।

रेलवे के अनुसार बनारस?हड़पसर अमृत भारत शुभारंभ स्पेशल का प्रयागराज जंक्शन पर आगमन समय 19:38 बजे तथा प्रस्थान समय 19:45 बजे रहा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।