सूबेदारगंज स्टेशन पर स्काउट-गाइड की निःशुल्क जल सेवा बनी मिसाल, इनर व्हील क्लब ने किया यात्रियों को राहत सामग्री वितरण

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देशन में 15 अप्रैल से मंडलों एवं स्टेशनों पर संचालित निःशुल्क जल सेवा अभियान के अंतर्गत सूबेदारगंज स्टेशन पर इस वर्ष पहली बार सूबेदारगंज यूनिट के पंजीकृत सदस्यों द्वारा लगातार जल सेवा प्रदान की जा रही है। यह सेवा कार्य भारत स्काउट एवं गाइड की मनोनीत उपाध्यक्ष आयुषी भटनागर के व्यक्तिगत निरीक्षण में निरंतर संचालित है।

इसी क्रम में दिनांक 28 अप्रैल 2026 को सूबेदारगंज स्टेशन पर प्रयागराज में सक्रिय स्वयंसेवी संस्था इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट विनती एवं उनकी सहयोगी सदस्यों के सौजन्य से यात्रियों के बीच 200 फ्रूटी तथा 200 चिप्स-बिस्कुट के पैकेट वितरित किए गए। यह वितरण कार्य ट्रेन संख्या 03294 के प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर प्रातः 10:30 बजे संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयुषी भटनागर भी उपस्थित रहीं।

भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों तक पानी पहुंचाने के कार्य में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए स्काउट-गाइड के रोवर-रेंजर एवं लीडर्स द्वारा स्काउटिंग कौशल का उपयोग करते हुए एक विशेष पहल की गई। स्टेशन पर पानी के भारी ड्रम ट्रेनों तक पहुंचाने के लिए बच्चों को बांस की ट्रॉली बनाकर उसमें पहिए लगाने की प्रेरणा दी गई।

इस प्रेरणा का परिणाम यह रहा कि HWB रोवर लीडर प्रियांशु, आकाश यादव (राष्ट्रपति स्काउट), निलंजन, ललित, शुभम सिंह, अभिजीत सरकार एवं संस्कार ने चार दिनों के अथक परिश्रम से एक आकर्षक और उपयोगी ट्रॉली तैयार की। ट्रॉली का उद्घाटन सूबेदारगंज स्टेशन पर किया गया, जिसमें 50 लीटर का पानी का ड्रम, चार बाल्टियां एवं मग रखकर बच्चों ने जल वितरण कार्य को अधिक सुगम बना दिया।

ट्रॉली की उत्कृष्ट बनावट और बच्चों के समर्पण से प्रभावित होकर इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट विनती ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस भीषण गर्मी में सूबेदारगंज स्टेशन पर स्काउट-गाइड सदस्यों द्वारा किया जा रहा निस्वार्थ जल सेवा कार्य तथा ट्रॉली निर्माण का प्रयास समाजसेवा और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है। यात्रियों और रेलवे अधिकारियों द्वारा इस कार्य की सराहना की जा रही है।

इस सेवा कार्य में इनर व्हील क्लब के साथ स्काउट-गाइड के अन्य सहयोगी सदस्य नूरी सिद्दीकी (जिला प्रशिक्षण आयुक्त, गाइड), समरजीत, ऋषभ सिंह सहित अन्य लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही सूबेदारगंज स्टेशन अधीक्षक कौशलेंद्र की भूमिका भी सराहनीय रही।