विंध्याचल–बिरोही तृतीय लाइन का सीआरएस ने किया निरीक्षण, स्पीड ट्रायल सफल

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत डीडीयू प्रयागराज तृतीय लाइन परियोजना के तहत विंध्याचल बिरोही (BDL BEO) खंड पर नवनिर्मित तीसरी लाइन का आज 28 अप्रैल 2026 को रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस), उत्तर-पूर्व परिमंडल प्रणजीव सक्सेना द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण लगभग 5.855 किमी लंबाई के नवनिर्मित तृतीय लाइन खंड (किमी 742.670 से 748.525) पर संपन्न हुआ।

निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बिरोही स्टेशन पर मंडल एवं मुख्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक से हुई। इसके बाद सीआरएस द्वारा बिरोही स्टेशन का गहन निरीक्षण किया गया।

रेलवे संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने मोटर ट्रॉली के माध्यम से ट्रैक, पुल, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नलिंग व्यवस्थाओं तथा अन्य संरचनात्मक पहलुओं का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण किया गया।

दोपहर के समय निरीक्षण दल विंध्याचल स्टेशन पहुंचा, जहां स्टेशन का निरीक्षण कर स्पीड ट्रायल की तैयारियां की गईं। इसके बाद विंध्याचल?बिरोही तृतीय लाइन खंड पर स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल भी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के बाद सीआरएस की स्वीकृति प्राप्त होते ही इस खंड पर यात्री एवं मालगाड़ियों का संचालन प्रारंभ किया जा सकेगा। इससे रेल परिचालन में सुगमता आएगी तथा क्षेत्र में कनेक्टिविटी और रेल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।