फिरोजपुर मंडल में ‘रेल नीर’ से यात्रियों को मिल रहा शुद्ध पेयजल, सीनियर डीसीएम बसंत कुमार के निर्देशन में व्यवस्था मजबूत

फिरोजपुर। गर्मी के मौसम में यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में रेल नीर (Rail Neer) की उपलब्धता को और बेहतर किया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर रेल नीर की बिक्री एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान शुद्ध पानी आसानी से मिल सके।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देशन में फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेल नीर की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विशेष निगरानी की जा रही है। स्टेशनों पर रेल नीर के स्टॉक, बिक्री केंद्रों और यात्रियों की मांग के अनुसार आपूर्ति व्यवस्था पर नियमित रूप से ध्यान दिया जा रहा है।

रेल प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भीड़भाड़ वाले समय में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और रेल नीर की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनी रहे। इसके साथ ही रेल नीर की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सप्लाई व्यवस्था पर भी सतर्कता बरती जा रही है।

यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में स्टेशनों पर ठंडा और शुद्ध रेल नीर उपलब्ध होना एक बड़ी राहत है। रेलवे का यह प्रयास यात्रियों को बेहतर सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत रेल नीर विक्रेताओं से ही पानी खरीदें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में स्टेशन प्रबंधन या रेलवे हेल्पलाइन पर संपर्क करें।