फिरोजपुर। समर सीजन में यात्रियों को राहत, फिरोजपुर कैंट-पटना के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस

समर सीजन में यात्रियों को राहत, फिरोजपुर कैंट-पटना के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस

रेलवे द्वारा समर सीजन के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर छावनी-पटना-फिरोजपुर छावनी के बीच आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे ने इस विशेष ट्रेन का संचालन 13-13 ट्रिप के लिए घोषित किया है।

रेलवे द्वारा 04616/04615 फिरोजपुर छावनी-पटना-फिरोजपुर छावनी आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए 21 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान कर लगभग 30 घंटे बाद शाम 18:35 बजे पटना पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 04615 पटना से फिरोजपुर कैंट के लिए 22 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन पटना से रात्रि 20:20 बजे रवाना होकर लगभग 27 घंटे बाद रात्रि 23:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यात्रियों की सुविधा हेतु यह ट्रेन मार्ग में मोगा, लुधियाना, अम्बाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ, आलमनगर, उतरेटिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), जंघई, वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा और दानापुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।

इस ट्रेन में यात्रियों के लिए 2 वातानुकूलित कोच, 10 शयनयान कोच और 4 साधारण श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस आरक्षित स्पेशल ट्रेन का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाएं।