फिरोजपुर मंडल ने आलू लोडिंग में किया रिकॉर्ड इजाफा, 29.54 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित

फिरोजपुर मंडल ने आलू लोडिंग में किया रिकॉर्ड इजाफा, 29.54 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित

दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच 477 वैगनों से 27,174 मीट्रिक टन आलू का परिवहन

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के चलते आलू लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच मंडल ने 477 वैगनों में आलू की रिकॉर्ड लोडिंग की। इस दौरान कुल 27,174 मीट्रिक टन आलू का परिवहन किया गया, जिससे फिरोजपुर मंडल को करीब 29.54 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

फिरोजपुर मंडल द्वारा कपूरथला, होशियारपुर, मलशियां शाहकोट, बुटारी, सुरानुस्सी, जालंधर सिटी सहित कई स्टेशनों से आलू की लोडिंग कर इसे देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा गया। आलू की यह खेप हासन (कर्नाटक), आजरा, जोरहाट (असम) और जिराणिया (त्रिपुरा) जैसे स्टेशनों के लिए रवाना की गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए फुटकर वैगन में भी लोडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि छोटे व्यापारी भी आसानी से देश के किसी भी हिस्से में माल बुक कर सकें।

मंडल प्रशासन ने कहा कि मोगा, कपूरथला, जालंधर, अमृतसर, होशियारपुर और लुधियाना क्षेत्रों में आलू की अच्छी पैदावार को देखते हुए किसानों व व्यापारियों को रेल के माध्यम से माल परिवहन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि फिरोजपुर मंडल की बेहतर कार्यप्रणाली, हितधारकों के साथ समन्वय और माल ढुलाई को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। मंडल भविष्य में भी ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर माल परिवहन को और अधिक बढ़ाने के लिए लगातार कार्यरत रहेगा।