केंद्रीय चिकित्सालय बिलासपुर में 8वें पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता व स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित

केंद्रीय चिकित्सालय बिलासपुर में 8वें पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता व स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित

30 बच्चों की स्क्रीनिंग कर पोषण स्तर का किया गया मूल्यांकन

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर में 8वें पोषण पखवाड़ा (9 से 23 अप्रैल 2026) के अंतर्गत शुक्रवार को जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 अप्रैल 2026 को आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर का आकलन करना तथा अभिभावकों को संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक द्वारा बच्चों की ऊंचाई एवं वजन की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान कुल 30 बच्चों की स्क्रीनिंग कर उनके पोषण स्तर का मूल्यांकन किया गया। साथ ही कुपोषण (Malnutrition) से संबंधित संभावित मामलों की पहचान कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं बच्चों को संतुलित आहार, उचित खान-पान की आदतों तथा दैनिक जीवन में पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सही पोषण बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

रेलवे चिकित्सालय द्वारा की गई यह पहल समाज में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए सार्थक कदम उठाया गया, जो भविष्य में सकारात्मक परिणाम देगा।