नागपुर मंडल में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर गरिमामय समारोह आयोजित

नागपुर मंडल में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर गरिमामय समारोह आयोजित

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने दिलाई सामाजिक समरसता व कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा

नागपुर, 14 अप्रैल 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने की। जिसमें मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेल परिवार ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर द्वारा दिए गए समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के संदेश को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करें तथा समाज में समरसता और समानता को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

समारोह में मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, शाखा अधिकारी, रेल यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य, रेल कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने एकजुट होकर डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन एस. छोरिया, मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा किया गया। आयोजन का समापन प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ, जिसमें डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर एक समतामूलक एवं सशक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।