सुरक्षा और रफ्तार पर जोर: डीआरएम विवेक कुमार व सीनियर डीईएन शुभम पवार ने रेलवे पुल संख्या-17 व कठुआ-माधोपुर रेलखंड का किया निरीक्षण

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में रेल संरक्षा एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार व सीनियर डीईएन शुभम पवार ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 17 अप्रैल को रेलवे पुल संख्या-17 तथा कठुआ से माधोपुर (पंजाब) रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुल पर चल रहे अपग्रेडेशन एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा परिचालन सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने पुल की संरचनात्मक स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया और हाल ही में किए गए तकनीकी सुधारों की भी समीक्षा की। उन्होंने पुल पर चल रहे मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

इसके साथ ही विवेक कुमार ने कठुआ-माधोपुर रेलखंड पर ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग प्रणाली तथा सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया, ताकि ट्रेनों का संचालन निर्बाध, सुरक्षित और समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ट्रैक एवं अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों के रखरखाव मानकों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कार्यस्थल पर मौजूद वरिष्ठ इंजीनियरों सीनियर डीईएन शुभम पवार एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यों की वर्तमान प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए रेल परिचालन को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल