आदर्श नगर दिल्ली-बड़गाम के बीच नियमित पार्सल ट्रेन शुरू, कश्मीर के व्यापारियों को बड़ी राहत

जम्मू। कश्मीर घाटी के व्यापारियों, विशेषकर फल उत्पादकों और हस्तशिल्प कारोबारियों को राहत देते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने आदर्श नगर दिल्ली और बड़गाम (कश्मीर) के बीच नियमित पार्सल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन संयुक्त पार्सल उत्पाद-रैपिड कार्गो सेवा (JPP-RCS) के नाम से संचालित होगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 00461/00462 का संचालन 17 अप्रैल से 31 मई 2026 तक किया जाएगा। फिलहाल इसे परीक्षण तौर पर चलाया जा रहा है, लेकिन बेहतर ऑक्युपेंसी मिलने पर इसे नियमित संचालन में शामिल किया जाएगा।

समय सारिणी

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 00462 बड़गाम से सुबह 06:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 05:00 बजे आदर्श नगर दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन के बाड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर समय में बदलाव किया गया है, जिससे व्यापारियों को अधिक सुविधा मिल सके।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 00461 आदर्श नगर दिल्ली से सुबह 05:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे बड़गाम पहुंचेगी।

8 पार्सल वैन के साथ चलेगी ट्रेन

इस विशेष पार्सल ट्रेन में कुल 8 पार्सल वैन (VP) और एक सीटिंग-कम-लगेज रैक (SLR) शामिल रहेगा। रास्ते में बाड़ी ब्राह्मणा और अंबाला कैंट स्टेशनों पर लोडिंग व अनलोडिंग की सुविधा के लिए ठहराव भी रहेगा।

व्यापारियों को होगा बड़ा लाभ

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह सेवा सड़क मार्ग की तुलना में 23 से 24 घंटे में माल को गंतव्य तक पहुंचाएगी, जिससे सेब, चेरी व अन्य फल जैसी जल्दी खराब होने वाली वस्तुएं सुरक्षित और ताजा बनी रहेंगी। यह परिवहन सेवा सड़क की तुलना में अधिक सस्ती, सुरक्षित और विश्वसनीय होगी।

रेलवे का कहना है कि इस पहल से जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय उत्पाद जैसे केसर, अखरोट, पश्मीना शॉल एवं हस्तशिल्प देशभर के बाजारों तक तेजी से पहुंच सकेंगे।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि व्यापारियों और किसानों की लगातार मांग को देखते हुए इस पार्सल ट्रेन को नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है। उद्देश्य कश्मीर घाटी के उत्पादकों को तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

जम्मू मंडल जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह