अक्षय कुमार ने साझा किया वैष्णो देवी का चमत्कारी अनुभव, 104°F बुखार में मां-बाप ने कराई थी चढ़ाई, पहनाई गई थी लाल फ्रॉक

कटरा। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में अपने बचपन से जुड़ा एक बेहद भावुक और रहस्यमयी किस्सा साझा किया है, जिसे उन्होंने "चमत्कार" बताया। अक्षय कुमार के अनुसार, वैष्णो देवी यात्रा के दौरान उनके साथ ऐसा अनुभव हुआ, जिसने उनके परिवार की आस्था को और मजबूत कर दिया।

एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने बताया कि उनके माता-पिता ने माता वैष्णो देवी के दरबार में संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना की थी। अक्षय ने कहा कि उनके माता-पिता ने मां से विशेष रूप से एक ?शरारती बच्चे? की कामना की थी और इसके एक साल बाद उनका जन्म हुआ।

बुखार में बिगड़ी हालत, डॉक्टर ने दिल्ली ले जाने की दी थी सलाह

अक्षय कुमार ने बताया कि उनके पहले जन्मदिन के बाद उनके माता-पिता माता रानी का धन्यवाद करने वैष्णो देवी मंदिर गए थे। लेकिन यात्रा के दौरान अक्षय अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए।

उनका तापमान पहले 103 डिग्री F और फिर 104 डिग्री F तक पहुंच गया, जिससे वे बेहोश हो गए।

अक्षय के मुताबिक, उस समय कटरा में बेहतर इलाज की सुविधा नहीं थी। डॉक्टर ने उनके माता-पिता को सलाह दी थी कि बच्चे को तुरंत दिल्ली ले जाया जाए।

मां का अटूट विश्वास, चढ़ाई नहीं रोकी

अक्षय कुमार ने बताया कि इतनी गंभीर हालत के बावजूद उनकी मां का विश्वास नहीं डगमगाया। उनकी मां ने कहा था कि,"अगर माता रानी ने हमें यह पुत्र दिया है, तो वही चाहेंगी तो इसे वापस लेंगी, लेकिन हम मंदिर की यात्रा नहीं रोकेंगे।"

इसके बाद उनके माता-पिता "जय माता दी"का जाप करते हुए चढ़ाई जारी रखते रहे।

लाल फ्रॉक पहनाकर मंदिर ले गए, फिर हुआ चमत्कार

अक्षय कुमार ने बताया कि उन्हें उस वक्त लाल रंग की फ्रॉक पहनाई गई थी, जो आज भी उनके पास है। वह बेहोशी की हालत में थे और मंदिर के अंदर उन्हें स्नान कराया गया। माता-पिता रोते हुए प्रार्थना कर रहे थे।

इसी दौरान एक अजनबी उनके पिता के पास आया और कहा,

"आपके बेटे की मुस्कान कितनी प्यारी है।"

अक्षय कुमार के अनुसार, उनके पिता ने जब उनकी ओर देखा तो वे मुस्कुरा रहे थे और उसी समय उनका बुखार 98 डिग्री F पर आ गया। अक्षय ने कहा कि उन्हें आज तक नहीं पता कि वह दवा थी या उस स्थान की कोई ऊर्जा, लेकिन वह पूरी तरह ठीक हो गए।

अक्षय बोले- उस जगह की एनर्जी अलग है

अक्षय कुमार का मानना है कि वैष्णो देवी के दरबार में कोई विशेष शक्ति या ऊर्जा है, जिसने उन्हें उस हालत में ठीक कर दिया।

"भूत बंगला"में नजर आएंगे अक्षय कुमार

वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार अपनी आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म"भूत बंगला"को लेकर चर्चा में हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, मिथिला पालकर, जिशु सेनगुप्ता, राजपाल यादव, राजेश शर्मा और असरानी भी नजर आएंगे।