दीपदान हवन-पूजन एवं भंडारे के साथ श्रीराम कथा का भव्य समापन।

अभिनव अग्रवाल बिन्नु। पयागपुर बहराइचपयागपुर क्षेत्र में आयोजित श्रीराम कथा एवं गायत्री महायज्ञ का समापन दीपदान, हवन-पूजन एवं भंडारे के साथ अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया।कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रातः काल विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई। इसके पूर्व मंगलवार रात्रि में दीप दान का आयोजन किया गया जिसमें 1008 दीपक को सामूहिक रूप से प्रज्वलित किया गया श्रद्धालुओं द्वारा दीपदान किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने गायत्री मिशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था समाज में संस्कार, नैतिकता और आध्यात्मिकता का संदेश दे रही है। साथ ही उन्होंने राम राज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। एवं भाजपा सरकार द्वारा सनातन धर्म के उत्थान के लिए किये जा रहे प्रयासों को विस्तार से बताया।कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के ज्ञान प्रकाश शुक्ला,मालिक राम शर्मा वशिष्ठ त्रिपाठी श्याम बिहारी सहित अन्य सदस्यों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा, जिससे पयागपुर का धार्मिक माहौल और अधिक प्रफुल्लित हो उठा।