भावुक माहौल में कक्षा 5 के छात्रों को दी गई विदाई  शिक्षकों संग किया स्नेह भोज

बिशेश्वरगंज (बहराइच)। प्राथमिक विद्यालय शिवपुर बैरागी, शिक्षा क्षेत्र विशेश्वरगंज में शुक्रवार को कक्षा 5 के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन भावुक माहौल में किया गया। इस दौरान जहां एक ओर बच्चों के आगे बढ़ने की खुशी दिखाई दी, वहीं उनके विद्यालय छोड़ने का दुख भी सभी के चेहरों पर साफ झलक रहा था।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों के साथ बिताए पलों को याद करते हुए बताया कि जब ये छात्र पहली कक्षा में आए थे तो डरे-सहमे और अनजान थे, लेकिन आज वे आत्मविश्वास और ज्ञान से भरपूर होकर आगे की शिक्षा के लिए तैयार हैं। बीते पांच वर्षों में बच्चों ने न केवल पढ़ाई में प्रगति की, बल्कि अनुशासन, संस्कार और व्यवहार में भी निखार आया है।शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विदाई अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। यहां से मिली शिक्षा, संस्कार और यादें उनके जीवनभर साथ रहेंगी। विद्यालय की कक्षाएं, खेल का मैदान और शिक्षकों का स्नेह उन्हें हमेशा याद आएगा। शिक्षकों ने भी बच्चों को याद करने की बात कही।इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सभी बच्चों और विद्यालय स्टाफ ने एक साथ बैठकर स्नेह भोज ग्रहण किया, जिससे माहौल और भी आत्मीय बन गया।कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक विवेक कुमार सिंह, सहायक अध्यापक रविन्द्र कुमार, सहायक अध्यापिका रानी, शिक्षा मित्र पुष्पा श्रीवास्तव एवं एसएमसी अध्यक्षा आशा मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।