मध्य रेल के महाप्रबंधक ने 11 कर्मचारियों को सुरक्षा पुरस्कार से किया सम्मानित

मुंबई। मध्य रेल में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), मुंबई में आयोजित समारोह में 11 कर्मचारियों को सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए।

यह पुरस्कार उन कर्मचारियों को दिए गए जिन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्कता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टाल दिया और रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रत्येक पुरस्कार में पदक, प्रशस्ति पत्र, सुरक्षा कार्य हेतु प्रशंसा पत्र एवं 3,500 रुपये नकद शामिल रहे।

महाप्रबंधक ने पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और जिम्मेदारी अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणा है। समारोह में प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्री चंद्र किशोर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं का विवरण

मुंबई मंडल (3 कर्मचारी)

प्रभात कुमार लाल, स्टेशन मैनेजर, कर्जत

26 फरवरी 2026 को गुड्स ट्रेन के ब्रेक फेल होने की सूचना मिलते ही तुरंत कंट्रोल को सूचित कर ट्रेन को खाली लाइन पर डायवर्ट करवाकर बड़ी दुर्घटना टाली।

नितेश कानखेड़िया, जूनियर इंजीनियर (पी.वे.), लोनावला

26 फरवरी 2026 को वीएचएफ पर ब्रेक फेल की सूचना मिलते ही सभी को सतर्क कर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की।

गोपाल बटाटे, पॉइंट्समैन, कसारा

2 मार्च 2026 को डाउन यार्ड लाइन नंबर 3 पर रेल फ्रैक्चर देखकर तत्काल सूचना देकर संभावित हादसा रोका।

पुणे मंडल (3 कर्मचारी)

प्रबीर कुमार दास, सहायक सुरक्षा आयुक्त, पुणे

23 फरवरी 2026 को पुणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर फूड प्लाजा में आग लगने पर 15 से 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जान बचाई।

मनोज कुमार मीणा, फिटर (सीएंडडब्ल्यू), दौंड

26 फरवरी 2026 को वैगन के ट्विस्ट लॉक खुले होने का पता लगाकर उसे सिक घोषित करवाया।

रमेश भालेराव, पॉइंट्समैन, खड़की

27 फरवरी 2026 को गुड्स ट्रेन के लोको के पहियों से धुआं निकलता देख चिंचवड़ पर ट्रेन रुकवाकर बड़ा खतरा टाला।

भुसावल मंडल (2 कर्मचारी)

राजेश कांबले, मास्टर क्राफ्ट्समैन (सीएंडडब्ल्यू), बड़नेरा

27 फरवरी 2026 को वैगन के बेयरिंग कप टूटे होने की सूचना देकर दुर्घटना टाली।

उदित प्रताप सिंह, जूनियर इंजीनियर (पी.वे.), देवलाली

24 फरवरी 2026 को पॉइंट नंबर 109ए पर हेयर क्रैक का पता लगाकर समय रहते सुधार कार्य कराया।

सोलापुर मंडल (2 कर्मचारी)

रमेश तनमोर, तकनीशियन (TRD), धराशिव

17 फरवरी 2026 को येदशी-धोकी सेक्शन में ओएचई मास्ट का क्लैंप टूटा हुआ देखकर सूचना दी।

योगेंद्र कुमार, तकनीशियन (TRD), दुधनी

28 जनवरी 2026 को आईआर वायर ड्रॉपर टूटा हुआ पाया और तुरंत रिपोर्ट कर सुरक्षा सुनिश्चित की।

नागपुर मंडल (1 कर्मचारी)

देवेंद्र, सहायक पॉइंट्समैन, चिकनी रोड

22 फरवरी 2026 को गुड्स ट्रेन के वैगन में आग देखकर रेड फ्लैग दिखाकर ट्रेन रुकवाई और बड़ा हादसा टाला।

मध्य रेल प्रशासन ने कहा कि कर्मचारियों की तत्परता और सजगता के कारण कई बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सका। यह जानकारी मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।