रामाश्रय पाण्डेय ने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला

मुंबई। भारतीय रेल इंजीनियर्स सेवा (IRSE) के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी रामाश्रय पाण्डेय ने शुक्रवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पश्चिम रेलवे में नियुक्ति से पूर्व वे पूर्व मध्य रेलवे, पटना में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण/दक्षिण) के पद पर कार्यरत थे।
पाण्डेय का रेलवे सेवा में लंबा और प्रभावशाली कार्यकाल रहा है। उन्होंने उत्तर पूर्व रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के रूप में कार्य किया है। इसके साथ ही उत्तर रेलवे, नई दिल्ली में मुख्य इंजीनियर के पद पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने गोरखपुर एवं समस्तीपुर में उप मुख्य इंजीनियर के रूप में कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल संचालन किया।
अपने करियर में पाण्डेय ने रेलवे बोर्ड में सदस्य इंजीनियरिंग के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी), निदेशक सतर्कता तथा हाजीपुर में उप मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित अनेक अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। इसके अलावा वे रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) में ग्रुप जनरल मैनेजर के पद पर भी कार्यरत रहे, जहां उन्होंने कई आधारभूत संरचना परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।
शैक्षणिक रूप से पाण्डेय ने आईआईटी रुड़की से बी.टेक तथा आईआईटी दिल्ली से एम.टेक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने रेल परिचालन और आधारभूत संरचना प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रशिक्षण हासिल किया है। श्री पाण्डेय ने इटली में ट्रैक रिकॉर्डिंग, सिंगापुर और मलेशिया में एडवांस्ड मैनेजमेंट, स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेन परिचालन तथा तुर्की और नॉर्वे में सुरंग निर्माण तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार रामाश्रय पाण्डेय को आधारभूत संरचना निर्माण, प्रबंधन और प्रशासन का व्यापक अनुभव है। वे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में पश्चिम रेलवे नई उपलब्धियां हासिल करते हुए प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।