मध्य रेल ने मुंबई–धनबाद के बीच शुरू की नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा

मध्य रेल ने मुंबई-धनबाद के बीच शुरू की नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा

एलटीटी से धनबाद के लिए हर बुधवार, धनबाद से मुंबई के लिए हर सोमवार चलेगी ट्रेन

मुंबई। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई और धनबाद के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू की है। इस नई सेवा से मुंबई, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

ट्रेन का विवरण

रेलवे द्वारा यह सेवा एलटीटी मुंबई-धनबाद-एलटीटी मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में शुरू की गई है।

ट्रेन संख्या 13380 (एलटीटी-धनबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस)

यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को शाम 16:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) मुंबई से रवाना होगी। यह सेवा 08 अप्रैल 2026 से अगली सूचना तक संचालित रहेगी। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 08:00 बजे धनबाद पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 13379 (धनबाद-एलटीटी साप्ताहिक एक्सप्रेस)

यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को रात 23:00 बजे धनबाद से प्रस्थान करेगी। यह सेवा 06 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। ट्रेन तीसरे दिन दोपहर 13:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

ट्रेन का ठहराव कल्याण, नासिक रोड, मनमाड, चालीसगांव, जलगांव, भुसावल, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी साउथ, खन्ना बनजारी, ब्योहारी, बरगवां, सिंगरौली, ओबरा डैम, रेनुकूट, गढ़वा रोड जंक्शन, डाल्टनगंज, लातेहार, खलारी, पतरातू, रांची रोड, बोकारो थर्मल, चंद्रपुरा एवं कतरासगढ़ स्टेशन पर रहेगा।

कोच संरचना

इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल मिलाकर

2 एसी 2-टियर, 2 एसी 3-टियर, 6 एसी 3-टियर इकोनॉमी, 6 स्लीपर क्लास, 4 जनरल द्वितीय श्रेणी तथा 2 जनरेटर वैन लगाए गए हैं।