उत्तर मध्य रेलवे में “NCR-SAFAR” वेब आधारित एप्लीकेशन का शुभारंभ, अब हॉलिडे होम व रेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग होगी आसान

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वेब आधारित एप्लीकेशन ?NCR-SAFAR ? Staff Accommodation & Facility Allotment in Railways? का शुभारंभ किया। यह एप्लीकेशन उत्तर मध्य रेलवे के हॉलिडे होम एवं सबऑर्डिनेट रेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग एवं पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकसित की गई है।

यह केंद्रीकृत वेब आधारित प्रणाली भारतीय रेल के सभी रेल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध होगी, जिससे वे उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न हॉलिडे होम एवं रेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इस एप्लीकेशन को आईटी सेल/उत्तर मध्य रेलवे द्वारा मुख्य प्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी एवं उप महाप्रबंधक (सामान्य) अतुल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में विकसित किया गया है।

एप्लीकेशन की प्रमुख विशेषताएं

इस एप्लीकेशन में ऑनलाइन बुकिंग को पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने हेतु कई आधुनिक फीचर्स जोड़े गए हैं, जिनमें?

OTP आधारित यूजर रजिस्ट्रेशन, जिसमें HRMS ID और PF नंबर अनिवार्य

हॉलिडे होम एवं सबऑर्डिनेट रेस्ट हाउस के लिए केंद्रीकृत ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम

रीयल टाइम उपलब्धता व लोकेशन आधारित खोज सुविधा

पारदर्शी ऑनलाइन अप्रूवल वर्कफ्लो

QR कोड आधारित बुकिंग रसीद जनरेशन

यूजर, एडमिन एवं केयरटेकर के लिए रोल आधारित डैशबोर्ड

बुकिंग की स्थिति (पेंडिंग/स्वीकृत/अस्वीकृत) की ऑनलाइन ट्रैकिंग

कमरा एवं अधिभोग प्रबंधन प्रणाली

स्वचालित रिपोर्ट एवं मॉनिटरिंग टूल्स

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह एप्लीकेशन बुकिंग अनुरोध से लेकर स्वीकृति और चेक-इन/चेक-आउट तक की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाकर मैनुअल सिस्टम को समाप्त करेगा। इससे कार्य में तेजी आएगी, देरी कम होगी तथा पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आईटी सेल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल टूल्स को अपनाकर प्रशासनिक व्यवस्था और सेवा वितरण को और बेहतर बनाया जा सकता है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार NCR-SAFAR का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे में आधुनिकीकरण एवं डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।