प्रयागराज जंक्शन व सूबेदारगंज स्टेशन पर ग्रीष्मकालीन नि:शुल्क पेयजल सेवा अभियान शुरू

प्रयागराज। भीषण गर्मी को देखते हुए यात्रियों को राहत एवं सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, प्रयागराज द्वारा 15 अप्रैल 2026 से प्रयागराज जंक्शन एवं सूबेदारगंज स्टेशन पर ग्रीष्मकालीन नि:शुल्क पेयजल सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में जनसेवा की भावना के साथ प्रारंभ किया गया है।

इस सेवा का विधिवत उद्घाटन सूबेदारगंज स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर किया गया उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की उपाध्यक्ष आयुषी भटनागर द्वारा किया गया। वहीं, प्रयागराज जंक्शन पर भी अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार की उपस्थिति में यात्रियों की सुविधा हेतु जल सेवा व्यवस्था समानांतर रूप से प्रारंभ की गई।

अभियान का उद्देश्य ग्रीष्मकाल के दौरान यात्रियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है। स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य समर्पण एवं अनुशासन के साथ लगातार सेवा देंगे तथा स्टेशनों पर सुव्यवस्थित और सुरक्षित जल वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

इस अभियान के सफल संचालन में नूरी सिद्दीकी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड), प्रयागराज का विशेष योगदान रहा। उनके निर्देशन में स्काउट्स एवं गाइड्स के लीडर्स एवं सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुनियोजित ढंग से संचालित किया। वहीं, प्रयागराज जंक्शन एवं सूबेदारगंज स्टेशन पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।

रेल प्रशासन के अनुसार यह नि:शुल्क पेयजल सेवा अभियान आगामी दो माह तक संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर मध्य रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रयागराज, कानपुर, झांसी, आगरा, मिर्जापुर, सूबेदारगंज एवं टुंडला सहित प्रमुख स्टेशनों पर भी इस सेवा को संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को लाभ मिल सके।

यह पहल उत्तर मध्य रेलवे की सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है और यात्रियों की सुविधा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को मजबूत करती है।