उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मदिवस समारोह आयोजित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज के अरावली सभाकक्ष में बुधवार को भारत रत्न, संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मदिवस समारोह श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा, अखिल भारतीय रेल कर्मचारी अनुसूचित जाति/जनजाति एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहेब को नमन किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हम सभी को प्रेरणा देता है कि हम अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और सत्य का अनुसरण करते हुए समाज सेवा करें। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों एवं निर्देशों का पालन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी डॉ. अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए और उनके सामाजिक न्याय एवं समानता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।