ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगवाई गई 10.83 किलो हेरोइन, सप्लायर गिरफ्तार

श्रीगंगानगर जिले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई गई 10 किलो 830 ग्राम अवैध हेरोइन के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि 26 मार्च 2026 को पुलिस थाना रावला, सीआईडी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने रोही 02 केएनडी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान हरमेश उर्फ जोरा सिंह, रणजीत सिंह, सोनू सिंह, किरत सिंह और गुरप्रीत सिंह के कब्जे से 20 पैकेट में लाई गई भारी मात्रा में हेरोइन, रेडियम स्टीक और पैकिंग सामग्री बरामद की गई थी।

इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच सूरतगढ़ शहर थाना प्रभारी दिनेश सारण को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि यह हेरोइन फाजिल्का निवासी विक्रम उर्फ विक्की को सप्लाई की जानी थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम उर्फ विक्की (25) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, जहां उससे ड्रोन के जरिए हेरोइन ड्रॉपिंग और पूरे सप्लाई नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ जारी है।

इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद और वृताधिकारी प्रतीक मील द्वारा की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।