पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, मंदिर से चिट्टा तस्कर गिरफ्तार

श्रीगंगानगर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के निर्देश पर लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है।

थाना प्रभारी गुरमेल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक चिट्टा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 5 ग्राम 8 मिलीग्राम चिट्टा (नशीला पदार्थ) बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी लालगढ़ जाटान से बनवाली रोड स्थित एक कॉलोनी में मंदिर के अंदर बैठकर चिट्टे का सेवन करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी बनवाली के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से मोटरसाइकिल चोरी व नशा तस्करी के 7?8 मुकदमे दर्ज हैं, जो श्रीगंगानगर के जवाहरनगर, रायसिंहनगर और लालगढ़ जाटान थानों में दर्ज हैं। आरोपी पहले एक साल की सजा भी काट चुका है।

मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि आरोपी का भाई गुरदास सिंह भी नशा तस्करी और चोरी के मामलों में लिप्त है और इस समय फिरोजपुर जेल में सजा काट रहा है जिस पर भी कई मामले दर्ज हैं।

थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार खंडहरों, खाली क्वार्टरों और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।