रिसिया मोड़ पर पुलिस का फ्लैग मार्च सुरक्षा का दिया संदेश।

बहराइच। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार शाम को थाना रिसिया पुलिस द्वारा रिसिया मोड़ क्षेत्र में पैदल मार्च (फ्लैग मार्च) किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।थानाध्यक्ष रिसिया करुणाकर पांडे के नेतृत्व में निकाले गए इस पैदल मार्च में उप निरीक्षक कन्हैया दीक्षित (चौकी प्रभारी रिसिया), उप निरीक्षक दीनानाथ, हेड कांस्टेबल विजेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप दुबे तथा कांस्टेबल अजय यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।पुलिस टीम ने मुख्य बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर लोगों से संवाद स्थापित किया और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान दुकानदारों और राहगीरों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।थानाध्यक्ष करुणाकर पांडे ने बताया कि इस तरह के पैदल मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।