मुरादाबाद: स्प्रिंगफील्ड्स स्कूल में ‘गुरुजश्न’ का भव्य आयोजन, नन्हे कलाकारों ने मोहा मन

मुरादाबाद के सेक्टर-10 स्थित स्प्रिंगफील्ड्स स्कूल में आज दिनांक 11 अप्रैल 2026 को कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 'गुरुजश्न'कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों के शैक्षिक सत्र की प्रथम उपलब्धि का उत्सव मनाना और उनमें आत्मविश्वास, मंच कौशल एवं रचनात्मकता को विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधक विपिन जेटली के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने के महत्व को बताते हुए कहा कि छोटे-छोटे कदम ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनाते हैं।

इसके बाद नन्हे विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में बच्चों ने कविता पाठ, नृत्य, अभिनय, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूमियत और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन नीतिका रौड़ द्वारा किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.प्रतीक्षा दीक्षित ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और आनंद का माहौल बना रहा।

स्प्रिंगफील्ड्स स्कूल का यह 'गुरुजश्न' कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।