मुरादाबाद में स्मार्ट मीटर को लेकर उद्योगपतियों के साथ हुई बैठक

मुरादाबाद। बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में मुरादाबाद में स्मार्ट मीटर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यालय मुख्य अभियंता (वितरण), पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मुरादाबाद जोन द्वारा जनपद के सम्मानित उद्योगपतियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को बैठक आयोजित हुई।

यह बैठक मुख्य अभियंता (वितरण) मुरादाबाद क्षेत्र की अध्यक्षता में कार्यालय परिसर में आयोजित हुई। बैठक में अधीक्षण अभियंता, विद्युत शहर/ग्रामीण मंडल मुरादाबाद तथा संबंधित अधिशासी अभियंता सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहें।

बैठक का मुख्य एजेंडा स्मार्ट मीटर के संबंध में चर्चा रखा गया है। बताया गया कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिलिंग व्यवस्था में सुधार, बिजली खपत की सटीक जानकारी, तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं उद्योग जगत की ओर से भी स्मार्ट मीटर को लेकर विभिन्न सुझाव एवं समस्याएं सामने आने की संभावना है।

इसके अलावा स्मार्ट मीटर से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विभागीय स्तर पर कार्यवाही हेतु प्रस्तावित एटीआर (Action Taken Report) भी तैयार किया गया है, जिसमें मीटर रीडिंग, बिलिंग प्रणाली, मीटर इंस्टॉलेशन, तकनीकी समस्याओं और उपभोक्ता शिकायतों जैसे विषय शामिल हैं।

बिजली विभाग ने सभी उद्योगपतियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को साझा करें, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।