यात्रियों के लिए राहत, गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस के बीच चलेगी ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन,13 अप्रैल से 12 मई तक 5 फेरों के लिए होगा संचालन

यात्रियों के लिए राहत, गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस के बीच चलेगी ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन

13 अप्रैल से 12 मई तक 5 फेरों के लिए होगा संचालन

बरेली। ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 05033/05034 गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस-गोमती नगर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन कुल 05 फेरों के लिए संचालित की जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 05033 गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 13 अप्रैल से 11 मई 2026 तक प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा। यह ट्रेन गोमती नगर से दोपहर 14:00 बजे प्रस्थान कर बादशाहनगर, डालीगंज, सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, कासगंज, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी और बोरीवली होते हुए रात्रि 20:00 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 05034 बांद्रा टर्मिनस-गोमती नगर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 14 अप्रैल से 12 मई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से रात्रि 23:00 बजे रवाना होकर बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, गंगापुर सिटी, बयाना, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, कासगंज, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर, डालीगंज और बादशाहनगर होते हुए अगले दिन सुबह 07:35 बजे गोमती नगर पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 01 जनरेटर सह लगेज यान, 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 06 शयनयान, 02 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 08 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 01 एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और यात्रा से पूर्व समय व ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।