इज्जतनगर मंडल में टिकट जांच अभियान से रिकॉर्ड राजस्व वृद्धि, 3.52 लाख मामलों में 20.03 करोड़ की वसूली

इज्जतनगर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंध संजीव शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा तथा बिना बुक सामान लेकर यात्रा करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाना है।

रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच इज्जतनगर मंडल में व्यापक स्तर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अवधि में कुल 150 बस रेड, 102 किलाबंदी, 144 ब्रांच लाइन, 348 स्पॉट तथा सेक्शनल चेकिंग अभियान आयोजित किए गए। इन कार्रवाइयों के माध्यम से रेलवे को राजस्व बढ़ाने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में टिकट जांच का प्रदर्शन बेहद उत्कृष्ट रहा। रेलवे ने 3.52 लाख उच्च प्रभार मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 20.03 करोड़ रुपये की वसूली की। यह आंकड़ा राजस्व में 25.97 प्रतिशत की वृद्धि तथा मामलों की संख्या में 20.20 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। रेलवे के अनुसार यह अब तक की सबसे बड़ी वार्षिक उपलब्धि मानी जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यह सफलता इज्जतनगर मंडल के सभी रेल अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी टिकट जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए अनियमित यात्रा पर सख्ती जारी रहेगी।