टीटीई की सतर्कता से घर से भागा नाबालिग सुरक्षित मिला, परिजनों को सौंपा गया

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल में रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और मानवता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ट्रेन में यात्रा कर रहे घर से नाराज होकर भागे एक नाबालिग बालक को टीटीई की तत्परता से सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को टीटीई अर्पित कुमार को उनके सहकर्मी से सूचना प्राप्त हुई कि लगभग 17 वर्षीय एक बालक घर से नाराज होकर भाग गया है और संभवतः ट्रेन संख्या 14541 में यात्रा कर रहा है। सूचना मिलते ही टीटीई अर्पित कुमार ने बिना समय गंवाए ट्रेन के सभी कोचों की जांच शुरू की।

काफी तलाश और गहन जांच के बाद नाबालिग बालक को ट्रेन के जनरल कोच में सुरक्षित पाया गया। इसके बाद टीटीई ने पूरी सतर्कता बरतते हुए बालक को अमृतसर स्टेशन पर अन्य टीटीई एवं जीआरपी कांस्टेबल की मौजूदगी में उसके परिजनों को सकुशल सौंप दिया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टिकट चेकिंग स्टाफ अपनी नियमित ड्यूटी के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहता है।

फिरोजपुर मंडल ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए टीटीई श्री अर्पित कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह घटना अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, फिरोजपुर मंडल परमदीप सिंह सैनी द्वारा साझा की गई।