फिरोजपुर मंडल में 69वां रेल सप्ताह पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, 63 रेलकर्मी सम्मानित

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल में आज 69वें रेल सप्ताह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन रेलवे ऑफिसर्स क्लब, फिरोजपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह सहित मंडल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, यूनियनों, एसोसिएशनों एवं फेडरेशनों के प्रतिनिधि तथा उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों में सराहनीय योगदान देने वाले कुल 63 कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

डीआरएम संजीव कुमार ने अपने संबोधन में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंडल की उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे और अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनेंगे। उन्होंने आशा जताई कि सभी के संयुक्त प्रयासों से फिरोजपुर मंडल आने वाले समय में भी अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करता रहेगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नई दिल्ली में आयोजित 69वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में उत्तर रेलवे द्वारा फिरोजपुर मंडल को 'रेल मदद शील्ड','पर्यावरण एवं स्वच्छता शील्ड'तथा'सेल्स मैनेजमेंट शील्ड'सहित कई ग्रुप शील्ड प्रदान की गई हैं। यह उपलब्धियां मंडल के रेलकर्मियों के समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण हैं।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंडल की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे टीमवर्क और प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।