फिरोजपुर मंडल ने रेल यात्रियों को दी अहम सुरक्षा सलाह,चलती ट्रेन में चढ़ना-उतरना जानलेवा, नियमों का उल्लंघन दंडनीय: डीआरएम संजीव कुमार

फिरोजपुर मंडल ने रेल यात्रियों को दी अहम सुरक्षा सलाह

चलती ट्रेन में चढ़ना-उतरना जानलेवा, नियमों का उल्लंघन दंडनीय: डीआरएम संजीव कुमार

फिरोजपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर फिरोजपुर मंडल द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडल प्रशासन यात्रियों और आम नागरिकों को रेलवे नियमों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित कर रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना और असुविधा से बचा जा सके।

फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास बिल्कुल न करें। ट्रेन के पूरी तरह प्लेटफॉर्म पर रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से उतरें या चढ़ें। रेलवे प्रशासन के अनुसार, जल्दबाजी और लापरवाही कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन जाती है।

मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि आरक्षित कोच के अतिरिक्त दिव्यांग कोच, महिला कोच, गार्ड ब्रेक या पार्सल वैन में अनधिकृत यात्रा करना रेलवे अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की विशेष निगरानी रखें। खिड़की या दरवाजे के पास बैठते समय सतर्क रहें तथा मोबाइल, पर्स, बैग, जेवर आदि कीमती वस्तुओं को खिड़की से दूर रखें, ताकि चोरी या छिनैती की घटनाओं से बचा जा सके।

इसके साथ ही यात्रियों को अजनबी व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं न लेने की भी सलाह दी गई है, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।

रेलवे ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि चलती ट्रेन के दरवाजे, पायदान या किनारे पर खड़े होकर यात्रा करना बेहद खतरनाक है। साथ ही चलती ट्रेन में सेल्फी लेना जान जोखिम में डालने जैसा है।

मंडल प्रशासन ने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री ले जाना प्रतिबंधित है। यदि किसी यात्री को ट्रेन या स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत टीटीई, आरपीएफ या जीआरपी को सूचित करें। इसके अलावा सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।

इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही न केवल यात्रा को बाधित कर सकती है, बल्कि गंभीर हादसों का कारण भी बन सकती है। डीआरएम ने यात्रियों से अपील की कि वे रेलवे द्वारा जारी सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन कर ही रेल यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकता है।