मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग ने किया लेडर ड्रिल का आयोजन, कर्मियों की शारीरिक दक्षता बढ़ाने पर जोर

मुरादाबाद। अग्निशमन विभाग की तैयारियों को मजबूत करने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से मुरादाबाद जनपद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की जांच का अभियान लगातार जारी है।

अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ द्वारा जारी पत्र संख्या सीए-डीजीएफएस-निर्देश-2026 के तहत प्रदेश के सभी अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध वाहनों एवं उपकरणों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों की विभागीय कार्य क्षमता व शारीरिक दक्षता बनाए रखने के लिए माह के प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को नियमित रूप से मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई और कार्यक्षमता की चेकिंग कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में द्वितीय शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जनपद के सभी प्रभारी अग्निशमन केंद्रों द्वारा विशेष लेडर ड्रिल का आयोजन कराया गया।

यह लेडर ड्रिल अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी में आयोजित की गई, जिसमें उपलब्ध सभी अग्निशमन कर्मियों को फालिन कर अभ्यास कराया गया। ड्रिल के दौरान प्रभारियों द्वारा सभी कर्मचारियों को लेडर ड्रिल के विभिन्न पार्ट्स की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लेडर में लगी रस्सी की स्टैंडर्ड टेस्टिंग भी कराई गई ताकि उपकरणों की सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित हो सके।

ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों को लेडर पर चढ़ने और उतरने का नियमित अभ्यास कराया गया तथा लेडर के मुख्य हिस्सों की पहचान और उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई। विभाग का उद्देश्य है कि किसी भी आपदा या आग लगने की स्थिति में अग्निशमन कर्मी तेजी और दक्षता के साथ राहत एवं बचाव कार्य कर सकें।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि ऐसे अभ्यास अग्निशमन कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ उपकरणों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने में भी सहायक होते हैं। यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।