रोज़गार मेला: यूपी रोडवेज में संविदा चालकों की भर्ती, 20 अप्रैल को मुरादाबाद में चयन प्रक्रिया

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) मुरादाबाद क्षेत्र में संविदा के आधार पर लगभग 250 पदों पर चालकों की भर्ती करने जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया के तहत इच्छुक अभ्यर्थी 20 अप्रैल (सोमवार) को आयोजित होने वाले रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेला स्थान- क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, लाजपत नगर, मुरादाबाद में आयोजित किया जाएगा।

परिवहन निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार संविदा चालक पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की लंबाई कम से कम 5 फीट 3 इंच होनी चाहिए। साथ ही भारी वाहन चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है, जो कम से कम दो वर्ष पुराना होना चाहिए। आयु सीमा 23 वर्ष 6 माह से 58 वर्ष तक रखी गई है।

अभ्यर्थियों को आवेदन के समय पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस की प्रतियां और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को पूर्व में निगम द्वारा किसी भ्रष्टाचार या कदाचार के कारण निकाला गया है, वे पात्र नहीं होंगे।

परिवहन निगम ने संविदा चालकों के लिए पारिश्रमिक की व्यवस्था भी घोषित की है। ग्रामीण जनसेवा के तहत 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर तथा अन्य सेवाओं में 2.32 रुपये प्रति किलोमीटर के आधार पर भुगतान किया जाएगा। निर्धारित किलोमीटर और ड्यूटी पूरी करने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में राहत योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता का प्रावधान भी किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को पहले रोजगार मेले में दस्तावेज सत्यापन के बाद ड्राइविंग टेस्ट देना होगा। टेस्ट में सफल उम्मीदवारों को निगम के तय मानकों के अनुसार अनुबंध प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।