रेल प्रशासन का बड़ा फैसला: कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए, यात्रियों को मिलेगी राहत

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई विशेष ट्रेनों के संचालन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अहमदाबाद-दरभंगा, गांधीधाम-भागलपुर, उधना-अयोध्या कैंट, मुंबई सेंट्रल-कटिहार और मुंबई सेंट्रल-बनारस सहित कई महत्वपूर्ण रूटों पर चल रही स्पेशल ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया गया है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 09465 अहमदाबाद-दरभंगा का संचालन अब 15 मई से 26 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि वापसी ट्रेन 09466 दरभंगा-अहमदाबाद का संचालन 18 मई से 29 जून 2026 तक होगा। इसी तरह ट्रेन संख्या 09451 गांधीधाम-भागलपुर और 09452 भागलपुर-गांधीधाम का संचालन भी 15 मई से 29 जून 2026 तक बढ़ा दिया गया है।

इसके अलावा उधना-अयोध्या कैंट के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 09093 अब 15 मई से 31 जुलाई 2026 तक तथा वापसी ट्रेन 09094 16 मई से 1 अगस्त 2026 तक चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 09097 के फेरे 19 मई से 28 जुलाई 2026 तक और वापसी ट्रेन 09098 के फेरे 20 मई से 29 जुलाई 2026 तक बढ़ाए गए हैं।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 09189 मुंबई सेंट्रल-कटिहार अब 16 मई से 25 जुलाई 2026 तक तथा वापसी ट्रेन 09190 कटिहार-मुंबई सेंट्रल 19 मई से 28 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 09183 मुंबई सेंट्रल-बनारस का संचालन 20 मई से 29 जुलाई 2026 तक और वापसी ट्रेन 09184 बनारस-मुंबई सेंट्रल का संचालन 22 मई से 31 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।

रेलवे द्वारा चर्लपल्ली-रक्सौल के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 07007 और रक्सौल-चर्लपल्ली ट्रेन संख्या 07008 के फेरों में भी विस्तार किया गया है। यह ट्रेनें अब अप्रैल से जून 2026 तक कुल 11-11 फेरे संचालित करेंगी।

रेलवे ने यह भी जानकारी दी कि इन ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए दानापुर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया है। दानापुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 07007 का ठहराव रात 23:03 से 23:05 बजे तक रहेगा, जबकि ट्रेन संख्या 07008 का ठहराव 01:33 से 01:35 बजे तक होगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व संबंधित स्टेशन, रेलवे हेल्पलाइन अथवा अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से समय व उपलब्धता की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।