प्रयागराज मंडल का माल ढुलाई में शानदार प्रदर्शन, 843.63 करोड़ की रिकॉर्ड मालभाड़ा आय,वित्तीय वर्ष 2025-26 में लोडिंग, अनलोडिंग और पार्सल आय में उल्लेखनीय वृद्धि

प्रयागराज मंडल का माल ढुलाई में शानदार प्रदर्शन, 843.63 करोड़ की रिकॉर्ड मालभाड़ा आय

वित्तीय वर्ष 2025-26 में लोडिंग, अनलोडिंग और पार्सल आय में उल्लेखनीय वृद्धि

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (गुड्स)अतुल यादव के निर्देशन में सुव्यवस्थित योजना, मजबूत समन्वय और सतत निगरानी के चलते मंडल ने माल परिवहन से जुड़ी आय एवं परिचालन में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं।

843.63 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड मालभाड़ा आय

प्रयागराज मंडल ने मालभाड़ा आय के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 843.63 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। यह आंकड़ा पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त 812.04 करोड़ रुपये की तुलना में 3.9 प्रतिशत अधिक है।

लोडिंग में 6.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी

माल लोडिंग में भी मंडल ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 7.945 मिलियन टन माल लोडिंग की गई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 7.436 मिलियन टन था। इस प्रकार लोडिंग में 6.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह मंडल के इतिहास का दूसरा सर्वोच्च लोडिंग प्रदर्शन माना जा रहा है।

नए ट्रैफिक स्रोतों का विकास

मंडल ने नए ट्रैफिक स्रोत विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए।

अगस्त 2025 में फतेहपुर से चावल की लोडिंग प्रारंभ की गई।

मार्च 2026 में पनकी धाम से पोल्ट्री फीड का नया ट्रैफिक शुरू किया गया।

पार्सल-लगेज और विविध आय में भी बढ़ोतरी

पार्सल एवं लगेज आय में मंडल ने 15.05 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.61 प्रतिशत अधिक है। यह आय निर्धारित लक्ष्य 14.95 करोड़ रुपये से भी अधिक रही।

इसके अलावा मंडल की विविध (Sundry) आय भी बढ़कर 39.05 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो 10.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है और लक्ष्य से 9.66 प्रतिशत अधिक रही।

अनलोडिंग में रिकॉर्ड, देशभर में 9वां स्थान

अनलोडिंग के क्षेत्र में भी प्रयागराज मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47.83 मिलियन टन का अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा हासिल किया। यह पिछले वर्ष के 44.54 मिलियन टन की तुलना में 7.39 प्रतिशत अधिक है। इस उपलब्धि के साथ प्रयागराज मंडल देशभर के रेल मंडलों में 9वें स्थान पर रहा।

समर्पित टीमवर्क से मिली सफलता

इन उपलब्धियों के पीछे मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता तथा समयबद्ध संचालन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रयागराज मंडल माल ढुलाई को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मंडल की ये उपलब्धियां न केवल भारतीय रेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं, बल्कि आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा भी प्रदान करती हैं।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल