प्रयागराज मण्डल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में हासिल कीं बड़ी उपलब्धियां

प्रयागराज मण्डल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में हासिल कीं बड़ी उपलब्धियां

मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में साझा कीं प्रमुख जानकारियां

प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने प्रयागराज मण्डल कार्यालय के संकल्प सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रमुख उपलब्धियों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की। इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य दीपक कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/परिचालन मो. मुबश्शिर वारिस, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक/समन्वय अकांशु गोविल, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन तथा वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर-III अंकित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि प्रयागराज मण्डल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेल परिचालन, माल ढुलाई, यात्री सेवा, सुरक्षा, संरक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। मण्डल द्वारा समयपालन सुधार, संचालन क्षमता में वृद्धि और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, संरक्षा और यात्री संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं। अंत में उन्होंने मीडिया के माध्यम से यात्रियों से रेलवे के कार्यों में सहयोग और सेवाओं के बेहतर उपयोग की अपील की।

परिचालनिक उपलब्धियां

डीआरएम ने बताया कि मण्डल ने माल ढुलाई में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 7.945 मिलियन टन फ्रेट लोडिंग की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.9 प्रतिशत अधिक है। वहीं औसतन 518 वैगन प्रतिदिन लोड किए गए, जिसमें 3.6 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।

अनलोडिंग में भी प्रयागराज मण्डल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और 47.83 मिलियन टन अनलोडिंग की, जो पिछले वर्ष 44.54 मिलियन टन से 7.39 प्रतिशत अधिक है। अनलोडिंग के आधार पर प्रयागराज मण्डल को 9वां स्थान प्राप्त हुआ।

मालगाड़ियों की गति में भी सुधार हुआ, जिसमें 7.1 प्रतिशत तथा यार्डिंग सहित 12.9 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। वित्तीय वर्ष में 13,779 ऑन डिमांड ट्रेनों सहित कुल 1,46,832 ट्रेनों का संचालन किया गया।

माघ मेला के दौरान 599 आउटवर्ड, 205 इनवर्ड तथा कुल 804 विशेष ट्रेनें और 7,490 नियमित ट्रेनें संचालित की गईं।

इस दौरान 13 जोड़ी ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल से गोविन्दपुरी स्टेशन पर शिफ्ट किया गया। वहीं 6 जोड़ी ट्रेनों की गति 110 किमी/घंटा से बढ़ाकर 130 किमी/घंटा की गई। इसके अलावा 11 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का विस्तार, 10 ट्रेनों के नए ठहराव 7 स्टेशनों पर शुरू किए गए तथा 18 नई ट्रेन जोड़ी का परिचालन आरंभ किया गया।

कालिंदी एक्सप्रेस में कोच संख्या 17 से बढ़ाकर 22 की गई, जबकि ट्रेन संख्या 11801/02 ग्वालियर?प्रयागराज एक्सप्रेस में कोच संख्या 14 से बढ़ाकर 18 की गई। साथ ही कालिंदी एक्सप्रेस को ICF से LHB कोच में परिवर्तित किया गया।

समयपालनता में सुधार

प्रयागराज मण्डल की कोचिंग ट्रेनों की समयपालनता 80 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्ष 74.2 प्रतिशत से 7.8 प्रतिशत अधिक है। वहीं सर्वश्रेष्ठ एक दिन की समयपालनता 15 अगस्त 2025 को 98.85 प्रतिशत दर्ज की गई।

वाणिज्यिक उपलब्धियां

वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रयागराज मण्डल ने कुल 2753 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। इस दौरान 7.40 करोड़ यात्रियों का परिवहन किया गया।

माल भाड़ा आय में भी नया रिकॉर्ड बना, जिसमें 843.63 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले रिकॉर्ड 812.04 करोड़ रुपये से 3.9 प्रतिशत अधिक है।

इसके अलावा यात्री सुविधाओं को बढ़ाते हुए 35 केटरिंग स्टॉल, 25 मल्टीपरपज स्टॉल, 16 फ्रूट एवं जूस बार शुरू किए गए तथा 17 वाटर वेंडिंग मशीनों के अनुबंध किए गए।

संरक्षा एवं सुरक्षा के लिए ठोस कदम

मण्डल द्वारा 9 लेवल क्रॉसिंग गेट बंद किए गए, जिससे संरक्षा और यातायात सुगमता में वृद्धि हुई।

32 स्टेशनों पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 29 कार्य, 9 स्टेशनों पर एफओबी रिप्लेसमेंट हेतु 8 कार्य तथा 21 स्टेशनों पर नए एफओबी निर्माण के लिए 13 कार्य स्वीकृत किए गए।

स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए लगभग 950 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।

इसके साथ ही कवच प्रणाली 4.0 को प्रयागराज?कानपुर सेक्शन में 190 रूट किमी (कुल 220 किमी) तक कमीशन किया गया। वहीं TDL?GZB सेक्शन पर 160 किमी/घंटा गति से लोको ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

यात्री सुविधाओं में विस्तार

डीआरएम ने बताया कि प्रयागराज मण्डल के 8 अमृत भारत स्टेशनों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

अमृत भारत, वंदे भारत और राजधानी सहित 18 जोड़ी नई गाड़ियां शुरू की गईं।

इसके अलावा 7 स्टेशनों पर 10 ट्रेनों के नए ठहराव की सुविधा शुरू की गई।

यात्रियों की सुविधा के लिए 32 करोड़ रुपये की लागत से नए यात्री स्टेशन जीएमसी सैटेलाइट के निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है, जिसमें 20 करोड़ रुपये स्टेशन विकास तथा 12 करोड़ रुपये फुट ओवर ब्रिज पर खर्च किए जाएंगे।

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रयागराज छिवकी, अलीगढ़ और कानपुर सेंट्रल में ?दवा-दोस्त? स्टॉल, जबकि मिर्जापुर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू किया गया। विभिन्न स्टेशनों पर 53 अतिरिक्त वाटर कूलर भी स्थापित किए गए।

आधारभूत संरचना मजबूत

मण्डल में 13 फुट ओवर ब्रिजों का निर्माण (6 मीटर एवं 12 मीटर चौड़ाई वाले) किया गया। इसके साथ ही 7 आरओबी तथा 4 आरयूबी का निर्माण कार्य पूरा किया गया।

पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक दायित्व

प्रयागराज मण्डल द्वारा 3.84 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाए गए, जिससे कुल सौर क्षमता बढ़कर 8.3 MWp हो गई।

इनसे प्रतिवर्ष लगभग 50.45 लाख यूनिट बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे 4.16 करोड़ रुपये की बचत और 4 किलो टन CO₂ उत्सर्जन में कमी आई है।

इसके अलावा मण्डल द्वारा 69.51 करोड़ रुपये की स्क्रैप बिक्री की गई, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही।

कार्मिक विभाग की उपलब्धि

पहली बार मंडल स्तर पर CBT आधारित विभागीय परीक्षा का आयोजन 23, 24, 25 एवं 27 मार्च 2026 को 8 शिफ्टों में 3 केंद्रों पर किया गया, जिसमें 1744 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

रेल सुरक्षा बल की उपलब्धियां

आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन सतर्क के तहत 79 मामलों का खुलासा कर 95 व्यक्तियों को पकड़ा गया तथा 33,64,085 रुपये मूल्य की शराब बरामद की गई।

ऑपरेशन उपलब्ध के तहत ई-टिकट के अवैध कारोबार के विरुद्ध 9 मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर 140 अवैध ई-टिकट बरामद किए गए तथा 28 यूजर आईडी ब्लॉक की गईं।

मेरी सहेली अभियान के तहत 4,52,206 महिला यात्रियों को सहायता दी गई, जबकि नन्हे फरिश्ते अभियान में 500 बच्चों को बचाकर उनके परिजनों/संस्थाओं को सौंपा गया।

समय पालन अभियान के अंतर्गत 4,945 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 18,76,728 रुपये जुर्माना वसूला गया और 15 अभियुक्तों को जेल भेजा गया।

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रयागराज मण्डल भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित यात्रा और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।