खुसरोबाग-लूकरगंज मार्ग स्थित पानी टंकी रेलवे ओवरब्रिज 10 अप्रैल से रहेगा पूरी तरह बंद

खुसरोबाग-लूकरगंज मार्ग स्थित पानी टंकी रेलवे ओवरब्रिज 10 अप्रैल से रहेगा पूरी तरह बंद

पुराने क्षतिग्रस्त सेतु को हटाकर बनेगा नया आरओबी, मई 2026 से शुरू होगा निर्माण कार्य

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने जनसाधारण को सूचित किया है कि प्रयागराज के जी.टी. रोड स्थित खुसरोबाग-लूकरगंज मार्ग पर पानी की टंकी के समीप बने पुराने क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज (रेल उपरिगामी सेतु) को पुनर्निर्माण के लिए पूरी तरह बंद किया जाएगा। यह ओवरब्रिज हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग (किमी 826/25-27, समपार संख्या 38-डी) के ऊपर बना हुआ है।

रेलवे के अनुसार, पुराने और जर्जर हो चुके ओवरब्रिज के स्थान पर नया रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) बनाया जाएगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य मई 2026 से प्रारंभ होकर मई 2028 तक पूर्ण किए जाने का प्रस्ताव है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने से लगभग एक माह पहले पुराने पुल के हिस्से को तोड़ने (डिस्मेंटलिंग) का कार्य किया जाएगा। इसी कारण इस फ्लाईओवर पर सड़क यातायात का संचालन दिनांक 10 अप्रैल 2026 से पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।

उत्तर मध्य रेलवे ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि मार्ग बंद रहने के कारण वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। साथ ही किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कार्य जनसुरक्षा और यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।