डोंगरगढ़ में मेडिकल सह शिकायत शिविर का सफल आयोजन, 100 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा 08 अप्रैल को रेलवे इंस्टिट्यूट, डोंगरगढ़ में मेडिकल सह शिकायत शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

शिविर के दौरान कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा गया।

इस अवसर पर कर्मचारियों के ज्ञानवर्धन हेतु विभिन्न विषयों पर सेमिनार भी आयोजित किए गए। इनमें I-GOT कर्मयोगी साधना सप्ताह, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (POSH) अधिनियम 2013, HRMS के SHINE मॉड्यूल तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की अवधारणा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

मेडिकल कैंप में कुल 104 लाभार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 76 रेलवे कर्मचारी एवं 28 आश्रित शामिल थे। स्वास्थ्य जांच के दौरान 4 नए उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) तथा 3 नए मधुमेह (डायबिटीज) के मामले सामने आए। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 22 मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 6 लाभार्थियों को HPV टीकाकरण भी किया गया।

शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. आर. किशोर कुमार (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक), डॉ. अभिषेक खांडेकर (CMP/DGG), डॉ. ए.पी. सावंत (बाल रोग विशेषज्ञ, स्पर्श हॉस्पिटल भिलाई) एवं डॉ. मोनिदीपा साहा (स्त्री रोग विशेषज्ञ, स्पर्श हॉस्पिटल भिलाई) द्वारा चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।

इसके साथ ही राजेश प्रसाद (सहायक कार्मिक अधिकारी) सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही, जिनमें नरेंद्र सिंह राठौर (फार्मासिस्ट),एम. सुधाकर राव,देवेंद्र कुमार शाखरे (मुख्य कल्याण निरीक्षक) एवं वेंकट सत्यनारायण (कार्मिक विभाग) शामिल रहे।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह मेडिकल सह शिकायत शिविर कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए अत्यंत लाभकारी रहा। शिविर ने स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी भूमिका निभाई।