नागपुर मंडल रेल प्रबंधक ने इतवारी–छिंदवाड़ा–सिवनी–नैनपुर–गढ़ा रेलखंड का किया सघन निरीक्षण

नागपुर मंडल रेल प्रबंधक ने इतवारी?छिंदवाड़ा?सिवनी?नैनपुर?गढ़ा रेलखंड का किया सघन निरीक्षण

यात्री सुरक्षा, संरक्षा व विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने 04 अप्रैल को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी?छिंदवाड़ा?सिवनी?नैनपुर एवं गढ़ा रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विशेष रूप से ?विंडो ट्रेलिंग? के माध्यम से किया गया, जिसका उद्देश्य रेल परिचालन की संरक्षा सुनिश्चित करना तथा आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा करना रहा।

निरीक्षण दौरा सुबह 06:30 बजे इतवारी स्टेशन से विशेष निरीक्षण यान द्वारा प्रारंभ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक ने चलती ट्रेन से रेल पटरियों की स्थिति, पॉइंट्स, क्रॉसिंग तथा सिग्नलों की दृश्यता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने रेलखंड पर ट्रेन संचालन के दौरान राइडिंग क्वालिटी की भी जांच की, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।

निरीक्षण के दौरान छिंदवाड़ा, सावनेर, सिवनी, घंसौर, शिकारा, नैनपुर एवं गढ़ा सहित प्रमुख स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास एवं विस्तार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माणाधीन नए प्लेटफॉर्म, आधुनिक वेटिंग हॉल, माल लदान शेड सहित अन्य विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए गुप्ता ने स्टेशनों पर पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की स्थिति की व्यक्तिगत रूप से जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए वाटर कूलर एवं पेयजल व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रखी जाए। साथ ही कोच इंडिकेटर बोर्ड और घोषणा प्रणाली को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि यात्रियों को सही और समय पर जानकारी मिल सके।

निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया, जिससे तकनीकी कारणों से ट्रेन संचालन में बाधा न आए। इसके अतिरिक्त स्टेशनों एवं ट्रेनों में सुरक्षा गश्त बढ़ाने तथा अनाधिकृत प्रवेश रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

इस निरीक्षण में मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें गति शक्ति यूनिट, चिकित्सा, सिग्नल एवं दूरसंचार, मैकेनिकल, परिचालन, वाणिज्य, विद्युत, संरक्षा, कार्मिक विभाग तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर उनके सुझाव प्राप्त किए।

गुप्ता ने विभिन्न स्टेशनों पर तैनात गेटमैन, पॉइंट्समैन एवं स्टेशन मास्टर से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और संरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा के साथ समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करना है, ताकि यात्रियों को इस रेलखंड पर बेहतर और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।