प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बनाए नए कीर्तिमान, समयपालनता में 7.8% की उल्लेखनीय बढ़ोतरी

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेल परिचालन, समयपालनता और यात्री सेवाओं के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई नए रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/समन्वय अकांशु गोविल के निर्देशन में बेहतर योजना, मजबूत समन्वय और सतत निगरानी के चलते मंडल ने परिचालन मानकों में ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार प्रयागराज मंडल ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 79.75 प्रतिशत का सर्वोच्च स्तर हासिल किया है। यह उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की 74.2 प्रतिशत समयपालनता की तुलना में 7.8 प्रतिशत अधिक है। मंडल द्वारा मार्च 2026 तक 51 बार 90 प्रतिशत से अधिक और 225 बार 80 प्रतिशत से अधिक समयपालन दर्ज किया गया, जो परिचालन दक्षता और सतत निगरानी का प्रमाण है।

समयपालन के क्षेत्र में मंडल ने कई अहम रिकॉर्ड भी बनाए। 15 अगस्त 2025 को 98.85 प्रतिशत समयपालन के साथ एक दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया गया, जो मंडल के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। वहीं मार्च 2026 में 89.78 प्रतिशत समयपालनता के साथ सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड बनाया गया, जिसने अगस्त 2025 में बने 86.89 प्रतिशत के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

कोचिंग ट्रेनों के संचालन में भी प्रयागराज मंडल ने बेहतरीन कार्य किया। मंडल द्वारा औसतन 402 ट्रेनें प्रतिदिन संचालित की गईं, जबकि पिछले वर्ष यह औसत 388 ट्रेन प्रतिदिन था। इसके अलावा अक्टूबर 2025 में प्रतिदिन 452 ट्रेनें संचालित कर सर्वाधिक मासिक औसत का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन उपलब्धियों के पीछे मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और बेहतर टीमवर्क का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधाओं में सुधार, सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने तथा माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रयागराज मंडल की यह सफलता न केवल भारतीय रेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी।