मुरादाबाद: बिना फायर एनओसी चल रहे होटलों पर सख्ती, सीएफओ डॉ. आर.के. पाण्डेय ने चलाया विशेष अभियान

मुरादाबाद: बिना फायर एनओसी चल रहे होटलों पर सख्ती, सीएफओ डॉ. आर.के. पाण्डेय ने चलाया विशेष अभियान

सभी फायर स्टेशनों के प्रभारियों को होटल-रेस्टोरेंट की जांच के निर्देश

मुरादाबाद। जनपद में बिना फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) संचालित हो रहे होटलों और रेस्टोरेंटों के खिलाफ अब अग्निशमन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. आर.के. पाण्डेय ने जिले के सभी फायर स्टेशनों के प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच अभियान चलाने के आदेश दिए हैं।

सीएफओ डॉ. आर.के. पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि जो होटल या रेस्टोरेंट बिना फायर एनओसी के संचालित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आग सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

अग्निशमन विभाग द्वारा शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत होटल-रेस्टोरेंटों में फायर सेफ्टी उपकरण, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी निकास, फायर अलार्म सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाएगी। साथ ही फायर एनओसी सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जाएगा।

सीएफओ ने बताया कि कई स्थानों पर होटल और रेस्टोरेंट बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित हो रहे हैं, जिससे आग लगने की स्थिति में बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान तेज किया गया है।

उन्होंने दो टूक कहा कि अब किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में कमी पाए जाने पर संबंधित संचालकों पर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

अग्निशमन विभाग के इस अभियान से जिलेभर के होटल व रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जनपद को अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।