मुरादाबाद में फायर सीजन को लेकर स्कूलों व कोचिंग सेंटरों में चला अग्नि सुरक्षा अभियान

मुरादाबाद में फायर सीजन को लेकर स्कूलों व कोचिंग सेंटरों में चला अग्नि सुरक्षा अभियान

फायर ऑडिट कर दिए गए निर्देश, छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। फायर सीजन को देखते हुए जनपद मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग द्वारा विद्यालयों, कॉलेजों एवं कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश से 02 अप्रैल से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार संचालित किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद के दिशा-निर्देशन में स्कीम नंबर-02 के तहत प्रभारी अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, बिलारी, ठाकुरद्वारा एवं कांठ की टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में फायर ऑडिट किया गया। साथ ही अग्नि सुरक्षा एवं बचाव के दृष्टिगत इवेक्यूएशन (निकासी) प्रक्रिया को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों एवं कोचिंग सेंटरों में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया तथा किसी आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के उपायों की जानकारी प्रदान की गई। विभाग द्वारा संस्थानों को अग्निशमन मानकों के अनुरूप व्यवस्था स्थापित करने हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

अभियान के अंतर्गत जिन संस्थानों का निरीक्षण एवं फायर ऑडिट किया गया, उनमें शामिल हैं?

ए.एम. पब्लिक स्कूल, कटघर, मुरादाबाद

नालंदा IAS अकादमी, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद

साईं एकेडमी, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद

बी.एम.एस. इंटर कॉलेज, कांठ, मुरादाबाद

श्री गोविंद महाविद्यालय, मुरादाबाद

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बिलारी, मुरादाबाद

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि फायर सीजन के दौरान इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद में आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को समय रहते जागरूक किया जा सके।