मुरादाबाद में अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल व उपकरणों की जांच, गर्मी व हीटवेव को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई

मुरादाबाद। आगामी ग्रीष्म ऋतु एवं संभावित हीट वेव को देखते हुए जनपद मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग द्वारा सतर्कता बढ़ा दी गई है। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा लखनऊ द्वारा जारी पत्र संख्या सीए-डीजीएफएस-निर्देश/2026 21 जनवरी के क्रम में प्रत्येक माह के मंगलवार व शुक्रवार को अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई तथा वाहनों/उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में आज दिनांक 07 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद के दिशा-निर्देशन में जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर रूटीन अभ्यास एवं जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी एवं कांठ में तैनात फायर कर्मियों द्वारा उपलब्ध अग्निशमन एवं जीव रक्षा से संबंधित उपकरणों की साफ-सफाई की गई तथा सभी उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच भी की गई।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की नियमित मॉक ड्रिल एवं उपकरण जांच से कर्मचारियों की शारीरिक दक्षता बनी रहती है और आपात स्थिति में समय पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।

इसके साथ ही आगामी गर्मी के मौसम और संभावित हीटवेव को लेकर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 247 सतर्क रहने, उपकरणों को लगातार क्रियाशील बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रहने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विभाग पूरी तरह अलर्ट है और सभी अग्निशमन केंद्रों को सक्रिय मोड में रखा गया है।