माता वैष्णो देवी यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, डीआईजी ने किया रूट का निरीक्षण

कटड़ा। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। इसी क्रम में डीआईजी शिव कुमार शर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा श्राइन क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण किया गया।

सुरक्षा समीक्षा के दौरान यात्रा मार्ग पर स्थित सीआरपीएफ कैंपों, संयुक्त चेक पोस्टों (Joint Check Points) तथा विभिन्न सुरक्षा पिकेटों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर प्रवेश नियंत्रण, निगरानी व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज तथा क्षेत्रीय सतर्कता को लेकर विस्तृत चर्चा की।

डीआईजी ने भवन मार्ग पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा ग्रिड को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई तथा तकनीकी संसाधनों को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही सीआरपीएफ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, मेडिकल टीम, आपदा प्रबंधन विभाग तथा श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित व सुचारू बनाए रखने के लिए सभी एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।