बारिश-ओलावृष्टि के बाद मौसम साफ, वैष्णो देवी यात्रा में लौटी रौनक,

बारिश-ओलावृष्टि के बाद मौसम साफ, वैष्णो देवी यात्रा में लौटी रौनक

25 हजार श्रद्धालु भवन रवाना, जयकारों से गूंज उठा यात्रा मार्ग

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा और मां वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में रविवार रात हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। बारिश के साथ ठंडक बढ़ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी हल्की ठंड महसूस हुई।

हालांकि सोमवार सुबह मौसम साफ होते ही वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर फिर से रौनक लौट आई। देशभर से आए श्रद्धालु ?जय माता दी? के जयकारों के साथ पूरे उत्साह में भवन की ओर रवाना होते नजर आए। यात्रा मार्ग पर भक्तों का जोश देखते ही बन रहा था और हर तरफ भक्ति का माहौल छाया रहा।

श्राइन बोर्ड अलर्ट, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए श्राइन बोर्ड और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। यात्रा मार्ग पर सफाई, पेयजल, मेडिकल सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जारी रहे।

भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी

जानकारी के अनुसार रविवार को जहां करीब 37 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए, वहीं सोमवार को शाम 5 बजे तक करीब 25 हजार श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।

मौसम अनुकूल होने के बाद आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

यात्रा मार्ग पर भक्तिमय नज़ारा

मौसम साफ होने के बाद यात्रा मार्ग पर लंगर, घोड़ा-पिट्ठू सेवाएं, सुरक्षा बलों की तैनाती और श्रद्धालुओं की कतारें फिर से सामान्य रूप से चलती दिखीं।