टूटी नालियों से जलभराव, तियरी गांव के ग्रामीण परेशान, नाबदान का पानी सड़कों पर,शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई

टूटी नालियों से जलभराव, तियरी गांव के ग्रामीण परेशान, नाबदान का पानी सड़कों पर,शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई


चकिया (चंदौली)। जनपद चंदौली के चकिया विकासखंड अंतर्गत तियरी गांव में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी नालियों और गंदगी के चलते गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों का जीवन दूभर हो गया है।


ग्रामीणों के अनुसार गांव की नालियां लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं और कई स्थानों पर पूरी तरह टूट चुकी हैं।

नालियों की सफाई और मरम्मत न होने के कारण नाबदान का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य रास्तों और गलियों में बह रहा है। इससे आवागमन में भी भारी दिक्कत हो रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण घरों के आसपास गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर लोग काफी चिंतित हैं।


ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


गांव के लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नालियों की मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य नहीं कराया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।