मुगलसराय पुलिस का बड़ा खुलासा: डीजल व सामान चोरी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस का बड़ा खुलासा: डीजल व सामान चोरी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार


चंदौली। जनपद चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन सहित भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया है।


पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 5 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर सहजौर रिंग रोड अंडरपास के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।


बरामद हुआ चोरी का सामान


पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक स्विफ्ट डिजायर कार (UP61AJ8990), 13 गैलन, दो प्लास्टिक पाइप, एक पेचकस, दो मोबाइल फोन (ओप्पो व पोको) और 10,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।


पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे रिंग रोड और हाइवे किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। गाड़ियों से डीजल चोरी करने के साथ-साथ उनमें रखा सामान जैसे रिफाइंड तेल आदि भी चुरा लेते थे। चोरी का माल चहनिया बाजार स्थित एक दुकान पर बेच दिया जाता था।


गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान


गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप यादव उर्फ प्रद्युम यादव (जलालपुर), नमन मिश्रा उर्फ भोले (सरायपकवान) और राजकुमार गुप्ता (चहनिया बाजार) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।


कानूनी कार्रवाई जारी


गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमे में धारा 317(2)/317(4) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से हाइवे पर खड़ी गाड़ियों से हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।