लूट की घटना का खुलासा: ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, 4 आरोपी गिरफ्तार

लूट की घटना का खुलासा: ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, 4 आरोपी गिरफ्तार

चंदौली। जनपद पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करते हुए पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। आकाश पटेल के निर्देशन में थाना मुगलसराय और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या था पूरा मामला?

दिनांक 02 अप्रैल 2026 को वादी रविन्द्र कुमार और रोहित सिंह ने थाना मुगलसराय में तहरीर दी थी कि गोरखपुर से धान बेचकर लौटते समय कुरहना ओवरब्रिज के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार के बल पर मारपीट कर ₹45,000 नकद, मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट लूट लिया।

इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

ऐसे हुआ खुलासा

05 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाचघर मैदान के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बरामद हुआ?

₹23,000 नकद

02 मोबाइल फोन

01 पीली धातु का लॉकेट

01 मोटरसाइकिल (CD डीलक्स)

01 अवैध तलवार

ड्राइवर ने ही रची थी साजिश

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पूरी लूट की साजिश खुद वाहन चालक रोहित पटेल ने रची थी।

👉 उसने गोरखपुर से लौटते समय अपने साथियों को वादी के पास मौजूद पैसे की जानकारी दी।

👉 योजना के तहत वाहन को बहाने से रोकवाया गया।

👉 पहले से घात लगाए साथियों ने मौके पर पहुंचकर लूट की घटना को अंजाम दिया।

घटना को वास्तविक दिखाने के लिए आरोपियों ने ड्राइवर के साथ भी हल्की मारपीट कर उसका मोबाइल और लॉकेट छीनने का नाटक किया, ताकि किसी को शक न हो।

गिरफ्तार अभियुक्त

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है?

विपिन कुमार सिंह (24 वर्ष)

रोहित पटेल (21 वर्ष)

आकाश सिंह (20 वर्ष)

विशाल पटेल (19 वर्ष)

सभी आरोपी जनपद मिर्जापुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस की सक्रियता से खुला मामला

इस पूरी कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

बढ़ाई गई धाराएं, आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं और आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

इस खुलासे ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी अब अंदरूनी साजिश रचकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन चंदौली पुलिस की सक्रियता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।