उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बिक्री से अर्जित किए ₹316.87 करोड़, लक्ष्य से 15.23% अधिक राजस्व

उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बिक्री से अर्जित किए ₹316.87 करोड़, लक्ष्य से 15.23% अधिक राजस्व

कंडेम्ड कोच-वैगन सहित विभिन्न स्क्रैप निष्पादन से बढ़ी आय, रेलवे परिसरों की स्वच्छता को भी मिला लाभ

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्क्रैप निष्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ₹316.87 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। यह आंकड़ा निर्धारित लक्ष्य ₹275.00 करोड़ की तुलना में ₹41.87 करोड़ (15.23%) अधिक है। वहीं यह उपलब्धि गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 16.40 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह सफलता उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री एस.पी. द्विवेदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संभव हो सकी। विभिन्न डिपो एवं मंडलों द्वारा समन्वित प्रयासों के जरिए कंडेम्ड वैगन, कोच, जल टंकियां, स्टील संरचनाएं, नॉन-फेरस सामग्री सहित अन्य प्रकार के स्क्रैप का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्क्रैप निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए इसकी नियमित समीक्षा उच्च स्तर पर की जाती रही है। स्क्रैप की बिक्री से जहां रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है, वहीं इससे रेलवे परिसरों की स्वच्छता भी सुनिश्चित हुई है। इसके साथ ही स्क्रैप हटने से बहुमूल्य रेलवे भूमि अन्य उपयोगों के लिए उपलब्ध हो सकी है।

उत्तर मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में भी ?जीरो स्क्रैप? लक्ष्य को हासिल करने तथा स्क्रैप बिक्री में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। रेलवे प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी रेलवे परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।